लोकसभा चुनाव 2019 के छह चरणों का मतदान हो चुका है। वहीं सांतवें और अंतिम चरण की वोटिंग को अब एक सप्ताह से भी कम समय बचा है। ऐसे में सभी राजनीतिद दल के नेताओं के बीच जुबानी जंग और भी तेज और तीखी हो गई है। शीर्ष नेताओं के बीच जारी आरोप-प्रत्यारोप और वार-पलटवार के बीच केंद्रीय वित्त मंत्री अरुण जेटली का बयान सामने आया है।
दरअसल, केंद्रीय मंत्री ने सोमवार को एक के बाद एक ट्वीट कर पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी और उत्तर प्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री मायावती पर साझा तौर पर निशाना साधा। उन्होंने ममता बनर्जी पर लोकतंत्र का गला घोंटने का आरोप लगाया।
जेटली ने कहा, ‘पश्चिम बंगाल में लोकतंत्र की स्थिति बेहद खराब हो चुकी है। विपक्षी कार्यकर्ताओं की हत्या की जा रही है, प्रत्याशियों पर हमले किए जा रहे हैं। मतदाता केंद्रों पर कब्जा किया जा रहा है और विपक्षी नेताओं को रैली करने की इजाजत नहीं दी जा रही।’
इसके बाद जेटली ने बसपा सुप्रीमो द्वारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ऊपर व्यक्तिगत हमले करने की निंदा करते हुए कहा कि मायावती का ऐसा करना यह दिखाता है कि वह किसी भी सार्वजनिक पद को संभालने के योग्य नहीं है।
जेटली ने ट्वीट कर लिखा, ‘बहन मायावती-वह प्रधानमंत्री बनने के लिए प्रतिबद्ध हैं। उनकी गवर्नेस, नैतिकता, विचारधारा अब तक के सबसे निचले स्तर पर पहुंच चुकी है। उनका प्रधानमंत्री पर निजी हमला दिखाता है कि वह सार्वजनिक जीवन के लिए अयोग्य है।
आपको बता दें कि एक सामाचार एजेंसी को दिए साक्षात्कार के दौरान मायावती ने प्रधानमंत्री पर निजी हमले किए थे। इस दौरान उन्होंने कहा था कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से दूसरों की बहनों और पत्नियों का सम्मान करने की उम्मीद नहीं की जा सकती, जब उन्होंने राजनीतिक फायदा उठाने के लिए अपनी पत्नी को ही छोड़ दिया।

No comments:
Post a Comment