करीब एक महीने से ज्याद चले लोकसभा चुनाव 2019 के लिए आज परिणाम का दिन है। लोकसभा चुनाव 2019 के परिणाम पर देशभर की निगाहें टीवी स्क्रीन पर लगे हैं। लोकसभा चुनाव 2019 में प्रधानमंत्री मोदी के करिश्मे और राहुल गांधी के नेतृत्व की परीक्षा है। रुझानों में भारतीय जनता पार्टी को भारी बहुमत से जीत हासिल हो रही है। वहीँ इसी बीच मध्य प्रदेश के सीहोर में एक मतगणना केंद्र पर सीहोर जिला कांग्रेस अध्यक्ष रतन सिंह ठाकुर की हार्टअटैक से मौत हो गई।
बताया जा रहा है कि रतन सिंह ठाकुर मतगणना केंद्र पर वोटों की गिनती देखने पहुंचे थे, लेकिन अचानक वो बेहोश होकर गिर पड़े। मतगणना केंद्र पर मौजूद लोगों का कहना है कि रतन सिंह ठाकुर अपने कुछ साथियों के साथ मतगणना केंद्र पर आए थे।
तभी वो नतीजे देखते हुए गश खाकर कुर्सियों पर गिर पड़े। उन्हें तत्काल अस्पताल ले जाया गया, लेकिन उनकी मौत हो गई। मालूम हो कि देशभर में लोकसभा चुनाव की काउंटिंग चल रही है।
रुझानों में बीजेपी 300 पार आंकड़े पार करती हुई दिखाई दे रही है। मध्य प्रदेश में खासकर बीजेपी बड़ी जीत की ओर है। कांग्रेस के कई दिग्गज नेता हारते हुए दिखाई दे रहे हैं।
2014 के लोकसभा चुनाव में मध्य प्रदेश में बीजेपी ने बड़ी बाजी मारी थी। यहां की 29 लोकसभा सीटों में से 27 सीटों पर बीजेपी ने कब्जा किया था। जबकि कांग्रेस केवल 2 ही सीटें जीत पाई थी।
हालांकि, मोदी लहर होने के बावजूद मध्य प्रदेश की गुना और छिंदवाडा सीट बीजेपी कांग्रेस से नहीं छीन पाई थी। लेकिन इस बार कांग्रेस की बची सीटें भी जाते हुए दिखाई दे रही है।

No comments:
Post a Comment