नई दिल्ली। लोकसभा चुनाव 2019 में करारी हार के बाद शनिवार को कांग्रेस के शीर्ष नेता ने cwc की बैठक बुलाई है। जिसमें पार्टी की हार को लेकर चर्चा होगी। साथ ही पार्टी प्रमुख राहुल गांधी के इस्तीफे की पेशकश की संभावना है। पार्टी के सूत्रों का कहना है कि इस बैठक में राहुल गांधी इस्तीफ़ा दे सकते हैं।
बता दें कि कांग्रेस का शीर्ष नेतृत्व लोकसभा चुनावों में अपमान-जनक नुकसान के कारणों पर विचार-विमर्श करेगा और उनका आकलन करेगा। नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली बीजेपी के हाथों पार्टी को लगातार दूसरी बार हार का सामना करना पड़ा। बता दें कि इस बार चुनाव में कांग्रेस को सिर्फ 52 सीटें मिलीं।
वहीं यूपीए अध्यक्ष सोनिया गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह सहित पार्टी के शीर्ष नेताओं के बैठक में शामिल होने की उम्मीद है। लोकसभा चुनाव की इस हार के बाद कांग्रेस पार्टी से कई स्थानीय नेताओं ने इस्तीफा दे दिया। उत्तर प्रदेश कांग्रेस प्रमुख राज बब्बर ने पार्टी के निराशाजनक प्रदर्शन को देखते हुए पार्टी अध्यक्ष राहुल गांधी को अपना इस्तीफा भेज दिया है।
वहीं ओडिशा में लोकसभा चुनाव और विधानसभा चुनाव में हार के बाद कांग्रेस समिति अध्यक्ष निरंजन पटनायक ने भी अपने इस्तीफे की घोषणा कर दी है। उनका कहना है कि कांग्रेस के वरिष्ठ नेता नरसिंह मिश्र की अगुवाई में एक समिति का गठन किया गया है जो इस हार का पता लगाएगी। राज्य में उन्हें करारी हार की सामना करना पड़ा है।

No comments:
Post a Comment