लोकसभा चुनाव के बीच पश्चिम बंगाल की ममता सरकार और भारतीय जनता पार्टी आमने-सामने है। प्रदेश में भाजपा अध्यक्ष अमित शाह को रैलियों की अनुमति नहीं मिलने के बावजूद आज कोलकाता में रोड शो करेंगे। इससे पहले शाह को जाधवपुर में हेलिकॉप्टर उतारने की अनुमति नहीं मिली थी।
दरअसल भाजपा अध्यक्ष अमित शाह की तीन रैलियां होनी थीं जिन्हें अब रद्द कर दिया गया। जिसके बाद जॉय नगर में एक जनसभा को सभा को सम्बोधित करते हुए मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को चुनौती दी थी कि “ममता दीदी कहती हैं कि बंगाल में जय श्रीराम नहीं बोल सकते। मैं इस मंच से जय श्रीराम बोल रहा हूं और यहां से कोलकाता जाने वाला हूं। ममता दीदी हिम्मत हो तो गिरफ्तार कर लेना।”
अमित शाह ने जाधवपुर में रैली रद्द होने के बाद ममता बैनर्जी पर हमला बोलते हुए कहा था कि “मेरी यहां तीन रैलियां होनी थीं। जयनगर में तो आ गया मगर दूसरी जगह ममता दीदी के भतीजे की सीट थी। वहां पर हमारे जाने से ममताजी डरती हैं कि भाजपा वाले इकट्ठे होंगे तो भतीजे का तख्त उल्टा हो जाएगा। इसलिए उन्होंने सभा की इजाजत नहीं दी।”
पश्चिम बंगाल में योगी आदित्यनाथ को भी सभाएं करने की अनुमति नहीं मिली थी। इसकी जानकारी भाजपा के वरिष्ठ नेताओं ने दी। पार्टी नेताओं का कहना है कि 15 मई को योगी कोलकाता में बेहाला इलाके में जनसभा करने वाले थे।
स्थानीय प्रशासन ने पहले तो इसकी अनुमति दे दी थी, लेकिन सोमवार को इसे वापस ले लिया गया। राज्य में लोकसभा चुनाव के अंतिम चरण में 19 मई को वोट डाले जाएंगे।


No comments:
Post a Comment